चंडीगढ़, 17 दिसंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंड़ीगढ़ इकाई ने शनिवार को प्रदर्शन किया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और भुट्टो का पुतला फूंका।
विरोध मार्च का नेतृत्व भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के प्रमुख अरुण सूद ने किया।
प्रदर्शनकारी सेक्टर 33 स्थित पार्टी कार्यालय में एकत्र हुए और बिलावल तथा पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाते हुए लेबर चौक की ओर मार्च किया।
सूद ने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा कि वह आतंकवादी संगठनों को पनाह दे रहा है और आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।
सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर हर भारतीय को गर्व है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति कर रहा है तथा दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भी विश्व पटल पर भारत की पहचान एक मजबूत राष्ट्र के रूप में हुई है।
यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री मोदी पर भुट्टो के ”अभद्र और अरुचिकर” व्यक्तिगत हमले के खिलाफ भाजपा के देशव्यापी विरोध का हिस्सा था। भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
