scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशशाहरुख ने ट्विटर पर ‘पठान’ फिल्म के बारे में सवालों के जवाब दिये, ‘बेशरम रंग’ विवाद पर कुछ नहीं कहा

शाहरुख ने ट्विटर पर ‘पठान’ फिल्म के बारे में सवालों के जवाब दिये, ‘बेशरम रंग’ विवाद पर कुछ नहीं कहा

Text Size:

मुंबई, 17 दिसंबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी विवादित फिल्म ‘पठान’ की सफलता के बारे में सवालों का जवाब देते हुए शनिवार को कहा कि उनका काम अनुमान लगाना नहीं, बल्कि मनोरंजन करना है।

उन्होंने दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अपनी फिल्म का बहिष्कार किये जाने के आह्वान के मद्देनजर यह कहा है।

शाहरूख (57) ने एक ट्विटर सत्र में ‘पठान’ से जुड़े सवालों का जवाब दिया, लेकिन फिल्म के प्रथम गीत ‘बेशरम रंग’ को लेकर उत्पन्न विवाद पर कुछ नहीं कहा। इस गीत के खिलाफ देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए हैं।

दक्षिणपंथी संगठन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिल्म का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। वे शाहरुख और दीपिका पादुकोण पर फिल्माये गये गीत में भगवा और हरा रंग के परिधान का इस्तेमाल किये जाने को लेकर आपत्ति जता रहे हैं।

सिद्धार्थ आनंद निर्देशित फिल्म के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया पर उनके अनुमान के बारे में एक ट्विटर उपयोगकर्ता द्वारा पूछे जाने पर अभिनेता ने कहा, ‘‘अनुमान लगाना मेरा काम नहीं है…मेरा काम आपका मनोरंजन करना और आपको मुस्कुराहट देना है।’’

उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह एक ‘‘देशभक्ति’’ फिल्म है।

यह फिल्म अगले साल 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments