scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशमुंबई: इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत, 12 लोग अस्पताल में भर्ती

मुंबई: इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत, 12 लोग अस्पताल में भर्ती

Text Size:

मुंबई, 17 दिसंबर (भाषा) मुंबई के उपनगरीय इलाके घाटकोपर में एक अस्पताल से लगी इमारत में शनिवार दोपहर आग लगने से 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दम घुटने से अस्वस्थ हुए चार पुलिसकर्मियों समेत 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि छह मंजिला ‘विश्वास’ नामक इमारत के भूतल पर स्थित एक होटल के बिजली मीटर में दोपहर करीब दो बजे आग लग गई। उन्होंने कहा कि इमारत में आग लगने के बाद बगल के अस्पताल में इलाज करा रहे 22 मरीजों को एहतियात के तौर पर दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि 12 लोगों में से एक की हालत नाजुक है। अधिकारी ने बताया कि घटना में होटल के भीतर कोर्सी डेढिया की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर दमकल कर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा बचाव एवं अग्निशमन अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया, ‘‘आग में फंसे लोगों को दमकल कर्मियों ने बचाया और नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।’’

अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर बगल के अस्पताल में इलाज करा रहे 22 मरीजों को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने कहा कि दम घुटने से अस्वस्थ हुए 30 वर्षीय एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘होटल के अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए पहुंचे चार पुलिसकर्मियों को भी दम घुटने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। आठ अन्य लोगों का भी इलाज किया जा रहा है, जो होटल में धुएं के कारण अस्वस्थ हो गए।’’

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments