नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (भाषा) ‘भाषा’ की अलग-अलग फाइल से शनिवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
दि52 भाजपा तीसरी लीड राहुल
राहुल गांधी सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने के लिए चीन की भाषा बोल रहे : नड्डा
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की पिटाई संबंधी टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर शनिवार को तीखा हमला किया और कहा कि कांग्रेस को उन्हें फौरन पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राहुल पर चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया।
दि46 चीन मोदी लीड कांग्रेस
राहुल पर हमले करवाकर ध्यान भटकाने की राजनीति बंद करें और चीन पर जवाब दें प्रधानमंत्री: कांग्रेस
नयी दिल्ली: कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प की घटना की पृष्ठभूमि में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा और कहा कि वह पिछले 100 दिनों से लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को सुनते हुए पदयात्रा कर रहे राहुल गांधी पर हमला करके ध्यान भटकाने की राजनीति बंद करें और चीन से जुड़े सवालों पर जवाब दें।
दि60 भाजपा भुट्टो दूसरी लीड प्रदर्शन
भाजपा का प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी को लेकर बिलावल के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन, पुतले फूंके
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘‘असभ्य और अप्रिय’’ व्यक्तिगत हमला करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किया।
दि42 रक्षा दूसरी लीड राजनाथ
गलवान, तवांग में भारतीय सेना ने जो बहादुरी दिखाई उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है : राजनाथ
नयी दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि गलवान घाटी संघर्ष और अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हालिया गतिरोध के दौरान भारतीय सैनिकों ने जिस बहादुरी और साहस का प्रदर्शन किया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।
अर्थ21 तीसरी लीड जीएसटी
जीएसटी परिषद ने अभियोजन शुरू करने की सीमा बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की, एसयूवी पर 22 फीसदी उपकर
नयी दिल्ली: जीएसटी परिषद ने नियमों के अनुपालन में की जा रही कुछ गड़बड़ियों को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने पर शनिवार को सहमति जताई। इसके साथ ही अभियोजन शुरू करने की सीमा को दोगुना कर दो करोड़ रुपये करने और नकली चालान के लिए एक करोड़ रुपये की सीमा बरकरार रखने का फैसला किया गया।
प्रादे68 प.बंगाल शाह चौथी लीड बैठक
सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य की भी: गृह मंत्री
कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पूर्वी क्षेत्र परिषद की बैठक में मुख्यमंत्रियों को संकेत दिया कि भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ ही राज्यों की भी है।
दि47 न्यायालय बिल्कीस दूसरी लीड समीक्षा
न्यायालय ने बिल्कीस बानो की पुनरीक्षण याचिका खारिज की;सजा माफी को चुनौती देने वाली याचिका लंबित
नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने 13 मई के अपने एक फैसले का पुनरीक्षण करने का अनुरोध करने वाली सामूहिक बलात्कार पीड़िता बिल्कीस बानो की याचिका को खारिज कर दिया है।
प्रादे76 मप्र चीन राहुल मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने चीन से जुड़ी टिप्पणी के लिए राहुल की खिंचाई की, कमलनाथ का पलटवार
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी की निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी सरकार सो रही है, जबकि चीन देश पर हमला करने की योजना बना रहा है।
अर्थ12 खाद्यान्न भंडार
कल्याणकारी योजनाओं की जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त खाद्यान्न भंडार मौजूदः सरकार
नयी दिल्ली: केंद्र ने शनिवार को कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसके पास पर्याप्त खाद्यान्न भंडार है। इसके साथ ही सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की नियमित निगरानी भी कर रही है।
वि16 जैव विविधता दूसरी लीड भारत
कीटनाशकों में कमी का वैश्विक लक्ष्य तय करना अनावश्यक: भारत
मॉन्ट्रियल: भारत ने कनाडा के मॉन्ट्रियल में जैव विविधता पर संयुक्त राष्ट्र के शिखर सम्मेलन में कहा है कि कृषि क्षेत्र में कीटनाशकों के इस्तेमाल को कम करने के लिए कोई संख्यात्मक वैश्विक लक्ष्य निर्धारित करना अनावश्यक है और इस संबंध में निर्णय देशों पर छोड़ दिया जाना चाहिए।
वि21 बांग्ला स्वतंत्रता भारत पाक युद्ध
1971 में भारत-पाक के बीच तीन दिन की भीषण लड़ाई ने दिलाई अंतिम जीत: सैन्य रिकॉर्ड
ढाका: वर्ष 1971 के युद्ध में अंतिम जीत से पहले एक दलदली इलाके में एक गांव में भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच तीन दिन तक भीषण लड़ाई हुई, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का गठन हुआ। यह जानकारी बांग्लोदश की सेना के रिकॉर्ड में अंकित है।
खेल27 खेल भारत महिला लीड पारी
पेरी की लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी से ऑस्ट्रेलिया महिला टीम का बड़ा स्कोर
मुंबई: अनुभवी एलीस पेरी की 42 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय में शनिवार को यहां भारत के खिलाफ तीन विकेट पर 188 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
खेल17 खेल कप फाइनल संभावना
अर्जेंटीना बनाम फ्रांस विश्व कप फाइनल में मेस्सी की निगाहें ट्राफी पर
दोहा: अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनल मेस्सी के लिये अब नहीं तो कभी नहीं। रविवार को यहां होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल में जब अर्जेंटीना की टीम फ्रांस के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो यह भी तय हो जायेगा कि मेस्सी आखिरकार खेल के महानतम खिलाड़ियों की फेहरिस्त में पेले और डिएगो माराडोना की जमात में शामिल हो पायेंगे या नहीं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
