होशियारपुर (पंजाब), 17 दिसंबर (भाषा) पंजाब के होशियारपुर जिले में टोल प्लाजा कर्मियों ने शनिवार को विरोध मार्च निकाला और आरोप लगाया कि एक किसान संगठन धरना दे रहा है और वाहनों से टोल की वसूली नहीं होने दे रहा है।
नंगल शहीदान, चोलंग, मानगढ़ और हरसा मनसेर टोल प्लाजा के कर्मचारियों सहित प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट कार्यालय से जिला प्रशासनिक परिसर तक विरोध मार्च निकाला।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (केएमएससी) जिले के सभी टोल प्लाजा और राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में धरना दे रही है और उन्हें वाहनों से टोल नहीं वसूलने दे रही है।
टोल प्लाजा वर्कर यूनियन के प्रदेश महासचिव रोशन लाल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने सभी टोल प्लाजा पर केएमएससी के धरने के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि टोल की वसूली नहीं होने के कारण टोल कंपनियां इस अवधि के लिए उन्हें वेतन नहीं देंगी।
टोल प्लाजा कर्मियों ने होशियारपुर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी दिया।
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
