चंडीगढ़, 17 दिसंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने लुधियाना में साइकिल से दुनिया की यात्रा पर निकले नॉर्वे के नागरिक के साथ हुई लूटपाट के मामले में शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया और लूटे गए फोन को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के दो दिन के अंदर मामले को सुलझा दिया गया।
पंजाब पुलिस ने ट्विटर पर बताया, “ नॉर्वे के नागरिक एस्पेन लिलीन्जेन साइकिल से दुनिया की यात्रा पर निकले हैं। लुधियाना में उनके निजी सामान को लूट लिया गया था। लुधियाना पुलिस ने त्वारित कार्रवाई करते हुए घटना के दो दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद मोबाइल को पीड़ित को लौटा दिया।”
पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू बरामद मोबाइल को लिलीन्जेन को सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।”
वीडियो में नॉर्वे के नागरिक ने कहा, ‘मैं लुधियाना पुलिस और राज्य पुलिस को धन्यवाद देना चाहता हूं। आखिरकार मुझे मेरा फोन वापस मिल गया।’
भाषा
नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
