scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशकेंद्र ने एमसीडी वार्ड के बदले हुए नामों व संख्या को अधिसूचित किया

केंद्र ने एमसीडी वार्ड के बदले हुए नामों व संख्या को अधिसूचित किया

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ दिसंबर (भाषा) केंद्र सरकार ने दिल्ली में विभिन्न नगर निगम वार्ड के बदले हुए नाम और संख्या को अधिसूचित कर दिया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों के कुछ दिन बाद यह कदम उठाया गया।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से छह दिसंबर को जारी एक अधिसूचना के तहत, सरकार ने 12 जोन में आने वाले वार्ड की सूची साझा की है और हाल के परिसीमन के बाद संबंधित वार्ड को दी गई संख्या का जिक्र है।

इन 12 जोन में नरेला जोन, सिविल लाइंस जोन, रोहिणी जोन, केशवपुरम जोन, सिटी-सदर पहाड़गंज जोन, करोल बाग जोन, पश्चिम जोन, नजफगढ़ जोन, मध्य जोन, दक्षिण जोन, शाहदरा उत्तर जोन और शाहदरा दक्षिण जोन शामिल हैं।

अधिसूचना के मुताबिक, नरेला जोन में वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 और 5 होंगे, जिनके नाम क्रमश: नरेला, बांकनर, होलम्बी कलां, अलीपुर और बख्तावरपुर हैं।

अधिसूचना में कहा गया है कि वार्ड संख्या 26-36 भी नरेला जोन के अंतर्गत आते है।

इसी तरह अन्य वार्ड और उनके लिए आवंटित संख्या को अधिसूचना में साझा किया गया है।

अक्टूबर में, गृह मंत्रालय ने दिल्ली में नगर निगम वार्ड के पुनर्निर्धारण के लिए अंतिम गजट अधिसूचना जारी की थी।

गृह मंत्रालय द्वारा 800 पृष्ठों की गजट अधिसूचना में कहा गया था कि दिल्ली में नगर निगम वार्ड की संख्या अब 250 होगी। तीनों नगर निगमों के एकीकरण से पहले शहर में 272 वार्ड हुआ करते थे।

चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

‘आप’ ने 134 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन वार्ड में जीत हासिल की।

भाषा नोमान सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments