नोएडा (उप्र), सात दिसंबर (भाषा) सेक्टर 126 थाना क्षेत्र के चरखा गोल चक्कर पर एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए टोके जाने से आक्रोशित चार युवकों ने कथित रूप से अपनी थार जीप कांस्टेबल पर चढ़ा दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक युवक फरार है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सेक्टर 126 के थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस में तैनात कांस्टेबल आयुष मंगलवार रात को महामाया फ्लाईओवर के चरखा गोल चक्कर के पास ड्यूटी पर तैनात थे, तभी हर्ष नाकरा, आर्यन, कविश खन्ना, तरुण एक थार जीप में सवार होकर वहां पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इन सभी ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था जब कांस्टेबल ने उन्हें इसके लिए टोका तो उन्होंने कांस्टेबल से मारपीट की और उसके ऊपर अपनी थार जीप चढ़ा दी।
उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने हर्ष नाकरा, आर्यन, कविश खन्ना को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तरुण फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हर्ष नाकरा एमेटी यूनिवर्सिटी से एम ए साइकोलॉजी की पढ़ाई कर रहा है।
भाषा सं सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
