नयी दिल्ली, 15 नवंबर (भाषा) जन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने सावधि जमा (एफडी) पर ब्याज दरों को तत्काल प्रभाव से बढ़ाकर 8.50 प्रतिशत तक कर दिया है।
बैंक ने मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि वरिष्ठ नागरिकों (60 वर्ष से अधिक) को दो से तीन साल की सावधि जमा पर 8.50 प्रतिशत तक का उच्चतम रिटर्न मिलेगा।
बैंक ने बचत खातों और सावधि जमा पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की घोषणा करते कहा कि वह लघु वित्त बैंकों (एसएफबी) में सबसे अधिक ब्याज दरों में से एक की पेशकश कर रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, बैंक 15 लाख से दो करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर एक से दो साल की अवधि के लिए 8.35 प्रतिशत की दर से ब्याज देगा।
बैंक ने कहा कि बढ़ती मुद्रास्फीति के बीच सावधि जमा दरों में बढ़ोतरी ने ग्राहकों और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को अपनी एफडी से महंगाई को मात देने वाला रिटर्न प्राप्त करने का अवसर दिया है।
भाषा जतिन अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
