scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमखेलशाहबाज और अय्यर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की टी20 टीम में, कोविड से नहीं उबरे शमी

शाहबाज और अय्यर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की टी20 टीम में, कोविड से नहीं उबरे शमी

Text Size:

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) कोविड-19 से उबरने में नाकाम रहने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की टी20 श्रृंखला से बाहर हो गए हैं जबकि बंगाल के हरफनमौला शाहबाज अहमद को हार्दिक पंड्या की जगह टीम में शामिल किया गया है। पंड्या को आराम दिया गया है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 28 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू हो रही है।

ऑलराउंडर दीपक हुड्डा भी पीठ की जकड़न के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। राष्ट्रीय चयन समिति दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के लिए मध्य क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल करने के लिए तैयार है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘शमी कोविड-19 से उबर नहीं पाए हैं। उन्हें और समय की जरूरत है और इसलिए वह दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला से बाहर हो जाएंगे। उमेश यादव दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला के लिए शमी के विकल्प के तौर पर टीम में बने रहेंगे।’’

हालांकि यह पूछे जाने पर कि पंड्या के स्थान पर शाहबाज को क्यों चुना गया है, सूत्र ने कहा, ‘‘क्या कोई तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर है जो हार्दिक की जगह ले सकता है। राज बावा को बहुत कम अनुभव है और इसलिए हमने उन्हें अनुभव दिलाने के लिए भारत ए टीम में रखा। उसे निखरने के लिए समय की जरूत है। मुझे कोई दूसरा नाम बताओ?’’

हुड्डा के भी श्रृंखला से बाहर होने के कारण चयनकर्ताओं ने शायद सोचा होगा कि एक बल्लेबाज बेहतर विकल्प रहेगा।

सूत्र ने कहा, ‘‘शाहबाज एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर है जो बाएं हाथ का अच्छा स्पिनर भी है। वह बैकअप की तरह है अगर अक्षर को 10 दिन में छह टी20 अंतरराष्ट्रीय के कारण किसी मैच में आराम की जरूरत पड़ी तो। इस दौरान देश भर में यात्रा करनी होगी।”

माना जा रहा है कि चयनकर्ता और बीसीसीआई के आला अधिकारी हाल के दिनों में चोट के इतने मामलों से नाखुश हैं।

सूत्र ने कहा, ‘‘कार्यभार प्रबंधन पर इतना जोर दिया जा रहा है। फिर भी इतने सारे मामले सामने आ रहे हैं। अब हुड्डा की पीठ में जकड़न है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह टी20 विश्व कप से पहले फिट हो जाएगा।’’

भारत के शीर्ष खिलाड़ी टी20 विश्व कप की तैयारी में व्यस्त हैं और ऐसे में शिखर धवन की अगुवाई वाली एकदिवसीय टीम में बहुत सारे चेहरे वे होंगे जो जिम्बाब्वे में खेले थे लेकिन कुछ नए खिलाड़ियों को भी मौका मिल सकता है।

शुभमन गिल, संजू सैमसन का टीम में चुना जाना निश्चित है। मध्य प्रदेश के युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार को इंडियन प्रीमियर लीग और घरेलू क्रिकेट में शानदार सत्र के बाद पहली बार टीम में शामिल किए जाने की संभावना है।

पाटीदार के लिए सत्र शानदार रहा है। उन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और फिर रणजी ट्रॉफी फाइनल में शतक जड़ा। उन्होंने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में दो शतक मारे और इसी टीम के खिलाफ पहले लिस्ट ए मैच में नाबाद 45 रन बनाए।

सूत्र ने कहा, ‘‘आप रजत के मौजूदा फॉर्म को नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं और वह एकदिवसीय टीम में जगह का प्रबल दावेदार है। यहां तक ​​कि श्रेयस भी मुख्य टीम के साथ स्टैंडबाय के रूप में ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेगा। मध्य क्रम में कुछ स्थान होंगे।’’

इस बीच हनुमा विहारी सौराष्ट्र के खिलाफ ईरानी कप मैच में शेष भारत की टीम का नेतृत्व करेंगे।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments