scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमखेलएफआईएच, हॉकी इंडिया ने बिरसा मुंडा स्टेडियम का निरीक्षण किया

एफआईएच, हॉकी इंडिया ने बिरसा मुंडा स्टेडियम का निरीक्षण किया

Text Size:

राउरकेला, सात सितंबर (भाषा) हॉकी अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम ने अगले साल होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप से पहले स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को ओडिशा के राउरकेला में निर्माणाधीन स्टेडियम का दौरा किया।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) और हॉकी इंडिया के सदस्यों वाली इस टीम ने बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में चल रहे काम पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने वहां एक प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया और राउरकेला हवाई अड्डे पर चल रही गतिविधियों का जायजा लिया जिसका उपयोग विश्व कप के दौरान खिलाड़ी, कर्मचारी और अन्य लोग करेंगे।

एफआईएच के कार्यकारी अध्यक्ष सैफ अहमद ने ओडिशा और हॉकी इंडिया को उनके द्वारा किए गए काम के लिए बधाई दी।

राउरकेला और भुवनेश्वर में विश्व कप के सफल आयोजन की उम्मीद जताते हुए अहमद ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘आज हमने जो देखा वह शानदार, बेहतरीन है।’’

एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थिएरी वील ने कहा कि यह भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा और संभवत: दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम भी होगा।

पश्चिमी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के स्टेडियम में 20,000 दर्शक बैठ सकते हैं। 35 एकड़ के इलाके में बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 120 एकड़ के परिसर के अंदर स्टेडियम और आवास शामिल हैं।

वर्तमान में देश में खेल का संचालन कर रही प्रशासकों की समिति के सदस्य एसवाई कुरैशी ने कहा कि वे परियोजना में हुई प्रगति से बेहद खुश हैं।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्वीकार किया कि ओडिशा में जो कुछ भी हो रहा है वह ‘सुरक्षित हाथों में’ है।

यह दौरा पुरुष हॉकी विश्व कप के निर्धारित ड्रा से एक दिन पहले हुआ जिसकी मेजबानी 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर और राउरकेला में की जाएगी। राज्य 2018 में भुवनेश्वर में इसकी मेजबानी करने के बाद लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments