scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमखेलहरमनप्रीत ने एफआईएच नामांकन पर कहा, कड़ी मेहनत को मान्यता मिलती है तो अच्छा लगता है

हरमनप्रीत ने एफआईएच नामांकन पर कहा, कड़ी मेहनत को मान्यता मिलती है तो अच्छा लगता है

Text Size:

बेंगलुरू, सात सितंबर (भाषा) स्टार डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए अपने नामांकन को एक बड़ा सम्मान और राष्ट्रीय हॉकी टीम के लिए इन सभी वर्षों में उनकी कड़ी मेहनत की मान्यता करार दिया।

हरमनप्रीत इस साल बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे। वह 2021 में ढाका में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में कांस्य पदक जीतने वाली टीम में भी शामिल थे। उन्होंने 2020-21 सत्र में पहली बार शीर्ष पुरस्कार जीता।

हरमनप्रीत ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मेरे लिए एक बार फिर एफआईएच के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित होना एक बहुत बड़ा सम्मान है। मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने और टीम की सफलता में योगदान देने की कोशिश की है। तब बहुत अच्छा लगता है जब आपकी कड़ी मेहनत को एफआईएच स्टार पुरस्कार के माध्यम से मान्यता मिलती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय पुरुष और महिला टीम के अन्य सभी नामांकित व्यक्तियों को भी बधाई देना चाहता हूं।’’

भारत के कई बड़े नामों को एफआईएच पुरस्कारों के लिए नामित किया गया है। पीआर श्रीजेश (साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, पुरुष), सविता (साल की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, महिला), संजय (साल के उभरते हुए खिलाड़ी, पुरुष), मुमताज खान (साल की उभरती हुई खिलाड़ी, महिला, ग्राहम रीड (साल के सर्वश्रेष्ठ कोच, पुरुष), और यानेक शॉपमैन (साल की सर्वश्रेष्ठ कोच, महिला) नामित व्यक्तियों में शामिल हैं।

हरमनप्रीत ने इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि भारत के हॉकी खिलाड़ियों को अक्सर शीर्ष पुरस्कारों के लिए नामांकित किया जाता है जो यह दर्शाता है कि पिछले कुछ वर्षों में देश में खेल में काफी सुधार हुआ है और यह तेजी से विकास कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार हमने पुरस्कारों की झड़ी लगा दी थी और इस बार हमें सबसे अधिक पुरस्कारों के लिए नामित किया गया है जो दर्शाता है कि हमने पिछले दो वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है।’’

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘भारतीय पुरुष और महिला टीम ने जबर्दस्त गति से विकास किया है और मुझे लगता है कि हम भविष्य में और भी बेहतर परिणाम दे सकते हैं। भारतीय हॉकी के लिए यह बहुत ही रोमांचक समय है।’’

पंजाब के इस खिलाड़ी ने इस बात पर भी जोर दिया कि आगामी एफआईएच हॉकी प्रो लीग में अच्छा प्रदर्शन करना प्रमुख लक्ष्य है जिससे कि एक टीम के रूप में और सुधार किया जा सके।

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हम एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 के अपने मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमने राष्ट्रमंडल खेलों की समाप्ति के बाद कुछ पहलुओं पर काम किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है हम अपने खेल में और सुधार कर सकते हैं तथा और बेहतर टीम बन सकते हैं। एफआईएच हॉकी प्रो लीग के पिछले सत्र में हम तीसरे स्थान पर रहे थे। हम प्रतियोगिता के अगले सत्र में परिणाम बेहतर करने की कोशिश करेंगे।’’

भाषा

सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments