scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअगस्त में निर्यात 33 अरब डॉलर पर लगभग स्थिर, व्यापार घाटा 28.68 अरब डॉलर बढ़ा

अगस्त में निर्यात 33 अरब डॉलर पर लगभग स्थिर, व्यापार घाटा 28.68 अरब डॉलर बढ़ा

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) देश का निर्यात अगस्त महीने में महज 1.15 फीसदी घटकर 33 अरब डॉलर रहा है जबकि व्यापार घाटा दोगुने से भी अधिक बढ़कर 28.68 अरब डॉलर हो गया है।

वाणिज्य मंत्रालय के शनिवार को जारी प्रारंभिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। एक साल पहले अगस्त 2021 में व्यापार घाटा 11.71 अरब डॉलर रहा था।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2022 में देश का आयात एक साल पहले की तुलना में 37 प्रतिशत बढ़कर 61.68 अरब डॉलर हो गया है।

हालांकि वाणिज्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश का कुल निर्यात 450 अरब डॉलर के पार जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘उत्पाद निर्यात में हम इस वित्त वर्ष में 450 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर लेंगे।’’

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अगस्त के दौरान देश का निर्यात 17.12 फीसदी बढ़कर 192.59 अरब डॉलर हो गया, वहीं आयात 45.64 फीसदी बढ़कर 317.81 अरब डॉलर हो गया।

इसी अवधि में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 125.22 अरब डॉलर हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 53.78 अरब डॉलर था।

अगस्त में तेल आयात 86.44 फीसदी बढ़कर 17.6 अरब डॉलर हो गया जबकि सोने का आयात 47.54 फीसदी गिरकर 3.51 अरब डॉलर हो गया।

भाषा

मानसी प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments