scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमखेलजडेजा घुटने की चोट के कारण एशिया कप से बाहर, अक्षर लेंगे उनकी जगह

जडेजा घुटने की चोट के कारण एशिया कप से बाहर, अक्षर लेंगे उनकी जगह

Text Size:

दुबई, दो सितंबर (भाषा) भारतीय हरफनमौला रविंद्र जडेजा घुटने की चोट के कारण शुक्रवार को एशिया कप के बचे हुए मैचों से बाहर हो गये और टीम में उनकी जगह अक्षर पटेल लेंगे।

जडेजा ने 28 अगस्त को 29 गेंद में 35 रन बनाकर भारत की टूर्नामेंट के शुरूआती मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।

सौराष्ट्र के इस खिलाड़ी को हांगकांग के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था लेकिन उन्होंने कसी गेंदबाजी की थी और अपने चार ओवर में महज 15 रन देकर एक विकेट झटका था।

बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने एक बयान में कहा, ‘‘अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने मौजूदा एशिया कप में रविंद्र जडेजा की जगह अक्षर पटेल को चुना है। ’’

इसके अनुसार, ‘‘रविंद्र जडेजा को दायें पैर के घुटने में चोट लगी है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं। वह इस समय बीसीसीआई की चिकित्सा टीम की देखरेख में हैं। ’’

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘अक्षर पटेल को टीम में ‘स्टैंडबाय’ खिलाड़ियों में चुना गया था, वह जल्द ही दुबई में टीम से जुड़ेंगे। ’’

अक्षर हाल में जिम्बाब्वे में वनडे में खेले थे। वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के दौरे पर भी टीम का हिस्सा थे।

टीम प्रबंधन जडेजा के जल्द उबरने की उम्मीद लगायेगा क्योंकि अक्टूबर-नवंबर में आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप खेला जायेगा।

भारत को अपना पहला सुपर चार मुकाबला रविवार को खेलना है।

टीम इस प्रकार है :

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और आवेश खान।

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments