नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) रोजमर्रा के इस्तेमाल के उत्पाद बनाने वाली कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन एंड हेल्थ केयर लिमिटेड (पीजीएचएच) का 30 जून को समाप्त वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 13.12 प्रतिशत घटकर 42.55 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में इसकी जानकारी दी। पीजीएचएच जुलाई-जून के वित्त वर्ष का अनुसरण करती है।
कंपनी को एक साल पहले समान तिमाही में 48.98 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
आलोच्य तिमाही में कंपनी की उत्पादों की बिक्री से आय 3.8 प्रतिशत घटकर 755.65 करोड़ रुपये रह गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 785.58 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने कहा कि जिंस कीमतों की मुद्रास्फीति के कारण कंपनी का मुनाफा काफी हद तक प्रभावित हुआ है।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 724.31 करोड़ रुपये रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून अवधि में यह 725.06 करोड़ रुपये था।
पीजीएचएच के निदेशक मंडल ने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले शेयर के लिए 65 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की।
पीजीएचएच ने शेयर बाजारों को भेजी एक अलग सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने मंगलवार को हुई बैठक में गुरचरण दास को कंपनी के गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया है। इनका कार्यकाल एक सितंबर, 2022 से पांच साल की अवधि के लिए होगा।
भाषा रिया अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.