scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशदोपहर ढाई बजे के मुख्य समाचार

दोपहर ढाई बजे के मुख्य समाचार

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से रविवार दोपहर ढाई बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :

दि21 सीबीआई सिसोदिया एलओसी

दिल्ली आबकारी नीति मामला : अधिकारी बोले, सीबीआई ने अभी तक कोई लुकआउट सर्कुलर जारी नहीं किया

नयी दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत किसी भी आरोपी के खिलाफ ‘अभी तक’ कोई लुकआउट सर्कुलर जारी नहीं किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

दि10 दिल्ली अदालत जैन

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सत्येंद्र जैन को अयोग्य ठहराने संबंधी याचिका खारिज की

नयी दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय ने धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन को ‘मानिसक रूप से अक्षम’ घोषित करने और इस आधार पर उन्हें विधायक एवं मंत्री पद के लिए अयोग्य ठहराने का अनुरोध करने वाली जनहित याचिका खारिज कर दी है।

दि9 वायरस लीड मामले

भारत में कोविड-19 के 11,539 नए मामले आए

नयी दिल्ली: भारत में रविवार को कोविड-19 के 11,539 नए मामले आने से देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,43,39,429 पर पहुंच गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,01,166 से घटकर 99,879 रह गई है।

दि1 आप राठौड़ शामिल

पूर्व सांसद हरिभाऊ राठौड़ आप में शामिल होंगे

नयी दिल्ली: पूर्व लोकसभा सदस्य और प्रतिष्ठित ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) नेता हरिभाऊ राठौड़ रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो सकते हैं।

प्रादे21 कश्मीर महबूबा नजरबंद

महबूबा मुफ्ती ने घर में नजरबंद करके रखे जाने का दावा किया

श्रीनगर: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को दावा किया कि उन्हें कश्मीरी पंडित सुनील कुमार भट के परिवार से मिलने से रोकने के लिए घर में नजरबंद करके रखा गया है। भट की हाल ही में शोपियां में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

प्रादे8 राजस्थान पूर्व विधायक मामला

राजस्थान: पूर्व विधायक ज्ञान देव आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर: अलवर पुलिस ने ‘लिंचिग’ पर अपने बयान के कारण विवादों में घिरे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं राजस्थान के पूर्व विधायक ज्ञान देव आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वि1 रूस यूक्रेन युद्ध

रूस ने क्रीमिया में यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, यूक्रेन ने भी हमले तेज किए

कीव: रूसी प्राधिकारियों ने शनिवार को क्रीमिया में यूक्रेन के ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया। रूसी सेना ने यूक्रेन के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में भी हमले किए।

वि5 पाक इमरान पेमरा प्रतिबंध

पाकिस्तान में इमरान खान के भाषणों के सीधे प्रसारण पर रोक

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में मीडिया पर निगरानी रखने वाली संस्था ने सभी उपग्रह टेलीविजन चैनलों द्वारा पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के भाषणों के सीधे प्रसारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

अर्थ12 मुफ्त सेवाएं एमपीसी

मुफ्त उपहार कभी भी ‘मुफ्त’ नहीं होते, इनके वित्तीय पहलुओं को बताना चाहिए: आरबीआई एमपीसी सदस्य

नयी दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की सदस्य आशिमा गोयल ने कहा कि मुफ्त उपहार कभी भी ‘मुफ्त’ नहीं होते हैं और जब राजनीतिक दल ऐसी योजनाओं की पेशकश करते हैं, तो उन्हें मतदाताओं को उनके वित्त पोषण और अन्य पहलुओं के बारे में बताना चाहिए।

अर्थ3 बुनियादी परियोजनाएं देरी

सड़क परिवहन, राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक लंबित परियोजनाएं: सरकारी रिपोर्ट

नयी दिल्ली: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक 300 परियोजनाएं देरी से चल रही हैं। इसके बाद 119 परियोजनाओं के साथ रेलवे और 90 परियोजनाओं के साथ पेट्रोलियम क्षेत्र का स्थान है। एक सरकारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

खेल6 खेल भारत संभावना

कमजोर जिंबाब्वे पर क्लीन स्वीप करने उतरेगा मजबूत भारत

हरारे: पहले दो मैचों में एकतरफा जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम जिंबाब्वे की कमजोर टीम के खिलाफ सोमवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भी किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेगी और क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

भाषा

सिम्मी पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments