बोलपुर (पश्चिम बंगाल), 11 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल को मवेशी तस्करी मामले की जांच में सहयोग न करने के आरोप में बृहस्पतिवार को यहां उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जांच एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में तृणमूल नेता को दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन वह खराब सेहत का हवाला देते हुए पेश नहीं हुए थे।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने तृणमूल नेता को गिरफ्तार करने से पहले उन्हें आपराधिक दंड संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41 के तहत एक नोटिस दिया।
इससे पूर्व दिन में सीबीआई के कम से कम आठ अधिकारियों का दल केंद्रीय बलों के साथ सुबह लगभग 10 बजे मंडल के आवास पर पहुंचा और जांच के तौर पर तलाश अभियान शुरू किया।
अधिकारी ने बताया कि मंडल से उनके आवास की दूसरी मंजिल के एक कमरे में लगभग एक घंटे तक पूछताछ की गई।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने मवेशी तस्करी घोटाले की जांच में सहयोग न करने पर उन्हें गिरफ्तार किया है। हमें इस घोटाले में मंडल की सीधी संलिप्तता का पता चला है। हम आज उनसे पूछताछ करेंगे और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि सीबीआई बोलपुर के एक अस्पताल के डॉक्टर से भी पूछताछ करेगी, जिन्होंने मंडल को 14 दिनों तक आराम करने की सलाह दी थी।
उन्होंने बताया कि जांच एजेंसी के अधिकारी तृणमूल नेता के साथ ही उनके कई करीबी साथियों के आवास पर छापे मार रहे हैं।
मंडल से सीबीआई ने दो बार पूछताछ की है। केंद्रीय एजेंसी ने उनके अंगरक्षक सैगल हुसैन को भी गिरफ्तार किया है।
इस बीच सत्तारूढ़ तृणमूल ने कहा कि पार्टी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।
सांसद शांतनु सेन ने कहा, ‘‘पार्टी सही समय पर उचित निर्णय लेगी। लेकिन, हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि टीएमसी भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में समझौता नहीं करेगी।’’
सेन ने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार और गलत कृत्यों को कतई सहन नहीं करेगी।
इस मुद्दे पर फैसला लेने के लिए तृणमूल का शीर्ष नेतृत्व शाम को बैठक कर सकता है।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि मंडल की गिरफ्तारी से साबित होता है कि सत्तारूढ़ दल भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है, और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस संबंध में एक बयान देना चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ‘‘समय आ गया है कि मुख्यमंत्री मंडल की गिरफ्तारी पर बयान दें। हम सभी जानते हैं कि वह टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व के करीबी थे।’’
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘‘पार्थ चटर्जी और अब मंडल की गिरफ्तारी बंगाल के बहुप्रतीक्षित विकास मॉडल का उदाहरण है।’’
गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया था।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सुजान चक्रवर्ती ने दावा किया कि मंडल ने वीरभूम जिले में खुद को कानून से ऊपर माना और टीएमसी नेतृत्व ने ‘‘उनके गलत कृत्यों को नजरअंदाज किया।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.