scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशमहंगाई व बेरोज़गारी को लेकर कांग्रेस का झारखंड में प्रदर्शन

महंगाई व बेरोज़गारी को लेकर कांग्रेस का झारखंड में प्रदर्शन

Text Size:

रांची, पांच अगस्त (भाषा) झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने महंगाई और बेरोज़गारी के खिलाफ़ पार्टी के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत यहां राजभवन का शुक्रवार को घेराव करने की कोशिश की जिसके चलते पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत दर्जनों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के नेतृत्व में आज यहां राजभवन का घेराव करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक कर लिया।

पुलिस और कांग्रेस नेताओं की बहस हुई और फिर नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर मोरहाबादी स्थित कैंप जेल ले जाया गया।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, “केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश की जनता प्रतिकूल परिस्थितियों में रिकॉर्ड तोड़ महंगाई का सामना कर रही है। बेरोजगारी चरम पर है। लोग त्राहिमाम कर रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “वहीं केंद्र सरकार लोगों का ध्यान इन मुद्दों से हटाने के लिए लगातार विपक्ष मुक्त भारत के अपने अभियान को सफल करने के लिए प्रतिपक्ष के नेता की छवी को धूमिल करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है।”

उन्होंने कहा, “वे सोचते हैं कि वे हमें डरा सकते हैं लेकिन हम भाजपा के प्रतिशोध के आगे नहीं झुकेंगे।”

आलम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार बढ़ती महंगाई बेरोजगारी जैसी अपनी नाकामियों से हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है पर कांग्रेस जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा कि पहले खाद्य तेलों के दाम में बढ़ोतरी, फिर घरेलू गैस सिलिंडर, अब पैकेट बंद अनाजों को जीएसटी के दायरे में लाने से जनता परेशान है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने आरोप लगाया कि केंद्र अपनी गलत नीतियों को लागू करने के लिए देश में अघोषित आपातकाल का माहौल बनाना चाहता है और प्रतिपक्ष के नेताओं की छवि को धूमिल कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है पर कांग्रेस के लोग ऐसी कोशिश का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं।

पार्टी ने रांची के बाहर पलामू, जमशेदपुर, बोकारो एवं अन्य अनेक जिला मुख्यालयों पर इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।

भाषा इन्दु नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments