scorecardresearch
Saturday, 12 October, 2024
होमखेलराष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं तूलिका, गुरदीप, घोषाल और शंकर को बधाई दी

राष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं तूलिका, गुरदीप, घोषाल और शंकर को बधाई दी

Text Size:

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए जुडोका तुलिका मान, भारोत्तोलक गुरदीप सिंह, स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल और ऊंची कूद के एथलीट तेजस्विन शंकर को गुरुवार को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में जुझारू मुकाबले और रजत पदक जीतने के लिए तूलिका मान को बधाई। आपने छोटी उम्र में सफलता हासिल करने के लिए उल्लेखनीय जज्बा और जुनून दिखाया। आप और मजबूत बनो और भविष्य में अधिक उपलब्धियां हासिल करो।’’

तूलिका ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वह महिलाओं के 78 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में स्कॉटलैंड की सारा एडलिंगटन से हार गई।

मुर्मू ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में अपने बेहतरीन प्रयास से भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीतने के लिए गुरदीप सिंह को बधाई। आपने अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ाया है। आप भविष्य में सफलता की नई ऊंचाइयां छूते रहें।’’

किसान के बेटे गुरदीप ने पुरुषों के 109 किग्रा भार वर्ग में कुल 390 किग्रा भार उठाकर कांस्य पदक जीता। यह भारत का हैवीवेट वर्ग में पहला पदक है।

राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वाश के पुरुष एकल में कांस्य पदक जीतने पर सौरव घोषाल को बधाई। भारत को आप पर गर्व है कि आपने स्क्वाश के पुरुष एकल में देश को पहला पदक दिलाया।’’

राष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेलों में ऊंची कूद में पदक जीतने वाले पहले भारतीय तेजस्विन शंकर को भी बधाई दी। शंकर ने बुधवार को इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

मुर्मू ने ट्वीट करके कहा, ‘‘तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। राष्ट्रमंडल खेलों की ऊंची कूद स्पर्धा में पदक जीतने वाला पहला भारतीय बनने पर बधाई। आपने देश को गौरवान्वित करने के लिए अनुकरणीय संकल्प दिखाया। मेरी तरफ से भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएं। ’’

भाषा पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments