कोट्टायम (केरल), 19 जुलाई (भाषा) जिले के कंजीरपल्ली पुलिस थाने में तैनात एक महिला पुलिस कर्मी को पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफआई)का कथित ‘नफरत फैलाने वाल’ पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया।
एर्णाकुलम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने यह कार्रवाई कोट्टायम जिले के पुलिस प्रमुख के.कार्तिक की रिपोर्ट के आधार पर की।
कार्तिक ने सोमवार को सहायक उप निरीक्षक रमला के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की थी। रमला पर पांच जुलाई को फेसबुक पर पीएफआई के नेता का पोस्ट साझा करने का आरोप है।
कार्तिक ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’को बताया, ‘‘कल सिफारिश की गई थी और आज कार्रवाई की गई है।’’
रमला ने कथित तौर पर पीएफआई के राज्य सचिव सी.ए.राउफ की अलपुझा में संगठन की रैली के दौरान भड़काऊ बयान देने के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति को जमानत मिलने को लेकर किए गए पोस्ट को साझा किया था। यह पोस्ट कथित तौर पर अदालत और पुलिस के खिलाफ है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पुलिस अधिकारी की आलोचना की थी।
इस बीच, रमला का दावा है कि इस पोस्ट को उसके पति ने साझा किया था।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
