श्रीनगर, 17 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को एक आतंकवादी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक अधिकारी शहीद हो गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि अपराह्न करीब 2:15 बजे आतंकवादियों ने पुलवामा के गंगू चौराहा इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की।
उन्होंने कहा कि इस आतंकी घटना में सीआरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया और शहादत प्राप्त की।
प्रवक्ता ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच से पता चला कि आतंकवादियों ने पास के सेब के बागों का फायदा उठाकर दक्षिण कश्मीर में पुलवामा के गंगू चौराहा क्षेत्र के पास सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
इस बीच, अधिकारी घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने पर काम कर रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बागों सहित पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।’’
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
