scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशमालदीव ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे की माले में मौजूदगी पर टिप्पणी से इनकार किया

मालदीव ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे की माले में मौजूदगी पर टिप्पणी से इनकार किया

Text Size:

कोलंबो/माले, 13 जुलाई (भाषा) मालदीव के विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे, उनकी पत्नी और दो सुरक्षा अधिकारियों के साथ सेना के एक विमान से माले पहुंचने के मामले पर टिप्पणी करने से बुधवार को इनकार कर दिया। इस सैन्य विमान ने कोलंबो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

देश की अर्थव्यवस्था को संभाल पाने में विफल रहने के कारण राजपक्षे के खिलाफ बढ़ते जन आक्रोश के बीच 73 वर्षीय राष्ट्रपति द्वारा बुधवार को इस्तीफे की घोषणा के बीच वह देश छोड़कर चले गए हैं।

मालदीव के विदेश मंत्रालय के संचार निदेशक मिवान मोहम्मद ने राजपक्षे के मालदीव पहुंचने को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

मोहम्मद ने कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय फिलहाल इस मुद्दे (राजपक्षे के मालदीव पहुंचने को लेकर) पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा।’’

संसद सचिवालय के संचार निदेशक हसन जिआउ ने कहा कि संसद को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले दिन में, श्रीलंका की वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि राजपक्षे अपनी पत्नी और दो सुरक्षा अधिकारियों के साथ सेना के एक विमान में देश छोड़कर चले गए हैं।

बयान में कहा गया है, ‘‘संविधान के तहत राष्ट्रपति को मिली शक्तियों के तहत और रक्षा मंत्रालय की पूर्ण स्वीकृति के साथ राष्ट्रपति, उनकी पत्नी और दो सुरक्षा अधिकारियों को 13 जुलाई को कातुनायके अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से मालदीव रवाना होने के लिए श्रीलंकाई वायु सेना का विमान उपलब्ध कराया गया।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी राष्ट्रपति के देश छोड़ने की पुष्टि की है।

भाषा

शफीक देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments