पालघर, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई कस्बे में बुधवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि कहीं मलबे में कोई फंसा तो नहीं है।
स्थानीय अग्निशमन कर्मियों तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने कहा कि भूस्खलन के बाद, वसई इलाके के राजवली के वाघरालपाड़ा में स्थित अनिल सिंह (45) के घर पर सुबह साढ़े छह बजे पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरा जिससे सिंह की मौत हो गई।
कदम ने कहा कि सिंह की पत्नी वंदना सिंह (40) और बेटा ओम सिंह (12) मलबे में फंस गए। स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।
अधिकारी ने कहा कि एनडीआरएफ कर्मियों ने पूर्वाह्न साढ़े दस बजे मलबे से अनिल सिंह का शव निकाला। उन्होंने कहा कि परिवार की एक अन्य सदस्य रौशनी सिंह (16) की तलाश जारी है।
भाषा यश शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
