scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया 15 पैसे टूटा, 79.60 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर

रुपया 15 पैसे टूटा, 79.60 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर

Text Size:

मुंबई, 12 जुलाई (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी बाजारों में डॉलर में मजबूती के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 15 पैसे टूट गया और 79.60 (अस्थायी) के नए निचले स्तर पर बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 79.55 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 79.53 के उच्चतम तथा 79.66 रुपये के निचले स्तर तक गया।

अंत में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की गिरावट के साथ 79.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह सोमवार को 79.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.48 प्रतिशत चढ़कर 108.54 अंक पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 508.62 अंक लुढ़ककर 53,886.61 अंक पर और एनएसई निफ्टी 157.70 अंक की गिरावट के साथ 16,058.30 अंक पर बंद हुआ।

इसके अलावा वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड वायदा की कीमतें 2.27 प्रतिशत घटकर 104.67 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं।

भाषा जतिन अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments