scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशनिजी तस्वीरें सार्वजनिक नहीं करने के बदले अधिकारी से एक करोड़ रुपये वसूलने का प्रयास, गिरफ्तार

निजी तस्वीरें सार्वजनिक नहीं करने के बदले अधिकारी से एक करोड़ रुपये वसूलने का प्रयास, गिरफ्तार

Text Size:

नागपुर (महाराष्ट्र), नौ जुलाई (भाषा) नागपुर पुलिस के जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ ने 27 वर्षीय व्यक्ति को नागपुर नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी एक करोड़ रुपये नहीं देने पर अधिकारी को निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा था।

आरोपी अमित सोनी छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव का निवासी है। मामले में उसकी पत्नी को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी पीड़ित का रिश्तेदार है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सोनी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी से यह कहते हुए संपर्क किया था कि उनके पास उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें हैं जो उन्होंने उसकी (सोनी की) पत्नी को भेजी थीं और सीएफओ के परिवार के सदस्यों और दोस्तों के बीच उन्हें प्रसारित नहीं करने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की थी।’’

बातचीत के बाद सोनी ने 70 लाख रुपये में समझौता किया और पीड़ित से पहली किस्त के रूप में 28 लाख रुपये स्वीकार करने पर सहमत हुआ। सोनी के लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने अपराध शाखा का दरवाजा खटखटाया।

सोनी को पुलिस ने शुक्रवार को नागपुर के सदर इलाके में एक रेस्तरां में पीड़ित से रकम लेने के दौरान पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि सोनी और उसकी पत्नी के खिलाफ सदर थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जबरन वसूली के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments