scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया 19 पैसे टूटकर 79.13 प्रति डॉलर पर

रुपया 19 पैसे टूटकर 79.13 प्रति डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, सात जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में एक दिन के ठहराव के बाद रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट के साथ 79.13 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

कारोबारियों के मुताबिक, विदेशों में डॉलर के मजबूत होने तथा विदेशी पूंजी की बाजार से निकासी बढ़ने से रुपये को समर्थन देने के रिजर्व बैंक के प्रयासों का भी भारतीय मुद्रा को कोई विशेष लाभ नहीं मिल पाया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.05 खुला और कारोबार के दौरान रुपये में 78.90 के उच्चस्तर से 79.26 रुपये के बीच घट-बढ़ हुई। अंत में रुपया 79.13 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव की तुलना में 19 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।

रिजर्व बैंक द्वारा कंपनियों के लिए विदेशी उधार सीमा बढ़ाने और सरकारी बॉन्ड में विदेशी निवेश के मानदंडों को उदार किये जाने के बाद बुधवार को रुपया 39 पैसे की तेजी के साथ 78.94 पर बंद हुआ था जो पिछले तीन महीनों में एक दिन में आने वाली सर्वाधिक तेजी थी।

रुपये की गिरावट को रोकने के प्रयासों के तहत विदेशी मुद्रा प्रवाह को बढ़ावा देने के उपायों की घोषणा करते हुए रिजर्व बैंक ने बुधवार को कंपनियों के लिए विदेशी कर्ज की सीमा बढ़ा दी और सरकारी बॉन्ड में विदेशी निवेश के मानदंडों को उदार बना दिया।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विदेशी मुद्रा एवं सर्राफा विश्लेषक गौरांग सोमैया ने कहा, ‘‘रुपया एक सपाट रुख लिए खुला, लेकिन रिजर्व बैंक द्वारा घोषित उपायों के बावजूद दबाव में आने लगा।’’

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पिछले महीने हुई अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे बुधवार को जारी किए गए जिसमें आक्रामक रुख का संकेत है और जुलाई में ब्याज दरों में 0.75 प्रतिशत वृद्धि की संभावना व्यक्त की जा रही है।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 107.07 अंक पर लगभग अपरिवर्तित रहा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.81 प्रतिशत बढ़कर 101.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 427.49 अंक बढ़कर 54,178.46 अंक पर बंद हुआ।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments