scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलहर्षल का अर्धशतक, भारत के आठ विकेट पर 149 रन

हर्षल का अर्धशतक, भारत के आठ विकेट पर 149 रन

Text Size:

नॉर्थम्पटन, तीन जुलाई (भाषा) हर्षल पटेल के धमाकेदार अर्धशतक से भारत ने टी20 अभ्यास क्रिकेट मैच में रविवार को यहां नॉर्थम्पटनशर के खिलाफ बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 149 रन बनाए।

भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन हर्षल ने 36 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों से 54 रन की पारी खेलने के अलावा वेंकटेश अय्यर (20) के साथ छठे विकेट के लिए 60 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दिनेश कार्तिक ने भी 26 गेंद में 34 रन की उम्दा पारी खेली। भारतीय टीम अंतिम पांच ओवर में 54 रन जोड़ने में सफल रही।

नॉर्थम्पटनशर की ओर से ब्रेंडन ग्लोवर ने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि नाथन बक (17 रन पर दो विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर फ्रेडी हेल्ड्रिच (33 रन देकर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए।

टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर संजू सैमसन (00) का विकेट गंवा जिन्हें जोश कॉब ने पगबाधा किया।

तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज ग्लोवर ने राहुल त्रिपाठी (07) और सूर्यकुमार यादव (00) को आउट करके भारत को दोहरा झटका दिया और टीम का स्कोर तीन विकेट पर आठ रन किया।

इशान किशन (16) और कार्तिक ने भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। किशन ने ग्लोवर और जेम्स सेल्स पर चौके जड़े जबकि कार्तिक ने कॉब पर चौका और एलेक्स रसेल पर पारी का पहला छक्का मारा।

हेल्ड्रिच ने किशन को ग्लोवर के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।

हेल्ड्रिच ने अपने अगले ओवर में कार्तिक को भी आउट करके भारत का स्कोर पांच विकेट पर 72 रन किया। कार्तिक ने 26 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का मारा।

हर्षल और अय्यर ने इसके बाद पारी को संवारा। अय्यर ने एमीलियो गे और नाथन बक पर चौके जड़े। हर्षल ने भी इस बीच कुछ आकर्षक शॉट खेले।

बक ने अय्यर और आवेश खान (00) को तीन गेंद के भीतर आउट किया।

हर्षल ने ग्लोवर पर दो छक्कों के साथ 34 गेंद में करियर का चौथा टी20 अर्धशतक पूरा किया लेकिन पारी के इस अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments