scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशबुनियादी ढांचे का विकास कर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर करना चाहती हूं : मुर्मू

बुनियादी ढांचे का विकास कर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर करना चाहती हूं : मुर्मू

Text Size:

शिमला, एक जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि वह जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास कर लोगों के जीवन को बेहतर बनाना चाहती हैं।

मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश में सोलन के बद्दी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्य के विधायक उपस्थित थे।

मुर्मू ने परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर सोमनाथ शर्मा समेत युद्ध नायकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की और कहा कि राज्य गौरवशाली इतिहास और परंपरा से समृद्ध है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का आध्यात्मिकता और पर्यटन के लिहाज से काफी अहम स्थान है और इसे देशभर में देवभूमि के तौर पर जाना जाता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू की जीत तय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर मुर्मू का चयन भाजपा की सकारात्मक और समग्र सोच को दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत हिमाचल प्रदेश से करने के लिए उनका आभार जताया।

अठारह जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद मुर्मू और उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा के रूप में दो उम्मीदवार मुकाबले में रह गये हैं।

भाषा

शफीक सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments