scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र के घटनाक्रम के बाद मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बेहतर मौके हैं : ममता

महाराष्ट्र के घटनाक्रम के बाद मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बेहतर मौके हैं : ममता

Text Size:

कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रपति पद की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को चुनाव मैदान में उतारने से पहले विपक्ष के साथ चर्चा की होती तो विपक्षी दल उनका समर्थन करने पर विचार कर सकते थे।

उन्होंने कहा कि मुर्मू के पास 18 जुलाई होने वाले राष्ट्रपति चुनाव जीतने की बेहतर संभावना है क्योंकि महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद राजग की स्थिति मजबूत हुई है। बनर्जी ने जोर देकर कहा, ‘‘एक आम सहमति वाला उम्मीदवार हमेशा देश के लिए बेहतर होता है।’’

बनर्जी ने यहां एक रथ यात्रा कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पास महाराष्ट्र के घटनाक्रम के कारण (राष्ट्रपति चुनाव जीतने की) बेहतर संभावनाएं हैं। अगर भाजपा ने मुर्मू के नाम की घोषणा करने से पहले हमारा सुझाव मांगा होता, तो हम भी व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए इस पर विचार कर सकते थे।’’

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि वह ‘‘विपक्षी दलों के निर्णय के अनुसार चलेंगी।’’

कांग्रेस और तृणमूल सहित गैर-भाजपा दलों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।

भाषा सुरेश देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments