नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) कार्मिक मंत्रालय ने तीन प्रमुख सचिवालय सेवाओं से जुड़े आठ हजार से अधिक सरकारी अधिकारियों को पदोन्नति दी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस), केंद्रीय सचिवालय आशुलिपिक सेवा (सीएसएसएस) और केंद्रीय सचिवालय लिपिक सेवा (सीएससीएस) से संबंधित इन कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं।
सीएसएस, सीएसएसएस और सीएससीएस समेत ये तीनों सेवाएं केंद्रीय सचिवालय के प्रशासनिक कामकाज की रीढ़ हैं।
कार्मिक मामलों के मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया, “किसी सरकारी कर्मचारी को उसकी उचित पदोन्नति के बिना सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त करते हुए देखना निराशाजनक होता है। इस तरह के फैसले लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद। कार्मिक मंत्रालय ने सीएसएस, सीएसएसएस और सीएससीएस कैडर से केंद्र सरकार के 8,000 से अधिक कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर पदोन्नति का आदेश दिया है।”
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, कुल 8,089 पदोन्नत कर्मचारियों में से 4,734 सीएसएस से, 2,966 सीएसएसएस से और 389 सीएससीएस से हैं।
भाषा रवि कांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
