scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशसंजय राउत को शब्दों का चयन सावधानीपूर्वक करना चाहिए: श्रीकांत शिंदे

संजय राउत को शब्दों का चयन सावधानीपूर्वक करना चाहिए: श्रीकांत शिंदे

Text Size:

ठाणे, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र में कल्याण सीट से सांसद और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने सोमवार को पार्टी नेता संजय राउत से कहा कि उन्हें बोलते वक्त शब्दों का चयन सावधानीपूर्वक करना चाहिये।

गुवाहाटी में डेरा डाले बागी विधायकों के खिलाफ राउत के ‘बिना आत्मा का शरीर’ वाला बयान देने के एक दिन बाद श्रीकांत ने यह बात कही।

दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे की याद में बने ‘शक्ति स्थल’ स्मारक पर संवाददाताओं से बात करते हुए श्रीकांत ने कहा कि राउत को शब्दों के चुनाव में सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि वह भी किसी के पिता हैं और उनका परिवार उनकी टिप्पणियों को देख रहा है।

सांसद ने कहा, ‘‘यह महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है। जिस तरह से वह टिप्पणी कर रहे हैं, राज्य देख रहा है। ऐसा तब होता है जब किसी को पता चलता है कि सत्ता हाथ से निकल रही है।’’

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा मंगलवार को पेश होने के लिए राउत के खिलाफ जारी समन के बारे में पूछने पर श्रीकांत ने कहा, ‘‘मुझे इस बारे में आपसे पता चला, उन्हें शुभकामनाएं।’’

राउत ने रविवार को मुंबई में शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि, ‘‘हमने एक सबक सीखा है कि किसपर भरोसा करें..ये ऐसे शरीर हैं जिनकी आत्माएं मर चुकी हैं। वे दिमागी रूप से मर चुके हैं। 40 शरीर असम से आएंगे और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए सीधे मुर्दाघर भेज दिया जाएगा।’’

भाषा

संतोष दिलीप

दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments