scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमुद्रास्फीति से सभी श्रेणियों की मांग प्रभावित हो सकती है: टाटा कंज्यूमर

मुद्रास्फीति से सभी श्रेणियों की मांग प्रभावित हो सकती है: टाटा कंज्यूमर

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को कहा कि मौजूदा परिचालन माहौल काफी उतार-चढ़ाव भरा है और मुद्रास्फीति के बने रहने से सभी श्रेणियों में मांग प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अनिश्चित माहौल में इन ‘‘अल्पकालिक बाधाओं’’ का मुकाबला करने के लिए कंपनी मजबूत निष्पादन और दक्षता बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक तनाव, आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियां, और कच्चे तेल तथा कई अन्य वस्तुओं में तेजी के चलते मुद्रास्फीति लगातार बढ़ रही है, जो सभी श्रेणियों में मांग को प्रभावित कर सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस अनिश्चित माहौल में हम अल्पकालिक बाधाओं का मुकाबला करने के लिए मजबूत निष्पादन, दक्षता बनाए रखने पर जोर देंगे तथा अवसरों का लाभ उठाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।’’

चंद्रशेखरन टाटा समूह की होल्डिंग फर्म टाटा संस के चेयरमैन भी हैं।

उन्होंने कहा कि महामारी और हाल ही में, भू-राजनीतिक तनाव से पैदा हुई चुनौतियों के चलते लोगों, अर्थव्यवस्थाओं और व्यवसायों पर व्यापक रूप से असर पड़ा और आर्थिक वातावरण अस्थिर हुआ है।

उन्होंने कहा कि इन अभूतपूर्व चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए हमें नए तरीकों से सोचना होगा।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments