scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशउप्र सरकार का पांच वर्ष में 175 करोड़ पेड़ लगवाने का लक्ष्य: मंत्री

उप्र सरकार का पांच वर्ष में 175 करोड़ पेड़ लगवाने का लक्ष्य: मंत्री

Text Size:

नोएडा,24 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में वन और पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 100 करोड़ पेड़ लगवाए हैं और अब 2027 तक 175 करोड़ लगवाने का लक्ष्य रखा है।

मंत्री ने कहा कि उप्र सरकार पारिस्थितिकीय पर्यटन (इको टूरिज्म) को बढ़ावा देने की योजना पर सरकार काम कर रही है। इसके लिए एक विस्तृत प्लान बनाया जा रहा है और सरकार शीघ्र ही इसको लेकर बड़ी घोषणा करेगी।

वह शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर 18 स्थित रेडिसन होटल में वन विभाग द्वारा आयोजित की गई राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर मुख्यातिथि भाग लेने आये थे।

इस संगोष्ठी में उन्होंने पर्यावरण को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पर्यावरण में लगातार कार्बन डाइआक्साइड बढ़ती जा रही है। इसके अनेक दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। इसकी वजह से तापमान बढ़ रहा है, ग्लेशियर पिघल रहे हैं तथा अन्य दिक्कतें पैदा हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ से अधिक पेड़ लगवाये हैं और आगामी पांच वर्षों में 175 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वन निगम के विविधीकरण की आवश्यकता के दृष्टिगत फर्नीचर,खिलौना, कृषि वानिकी एवं इको पर्यटन के क्षेत्र में नवीन प्रयास पर बल दिया जाएगा।

उन्होंने नोएडा में पर्थला गोल चक्कर पर काटे गये पेड़ों का मुद्धा उठाये जाने पर कहा कि इस संबंध में प्राधिकरण से पूछा जाएगा कि उन्होंने पेड़ क्यों कटवाये।

सेक्टर-18 स्थित होटल में उत्तर प्रदेश वन विभाग द्वारा 75वां आजादी का अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए पर्यावरण सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे सेवक और वन विभाग के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

भाषा सं. संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments