लखनऊ, 21 जून (भाषा) राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में एक दलित डिलीवरी मैन से खाना स्वीकार करने के बजाए उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल तथा मारपीट करने के मामले में पुलिस में मंगलवार को एक नामजद अभियुक्त समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आशियाना के थाना अध्यक्ष दीपक कुमार पांडे ने बताया कि मामले के नामजद अभियुक्त अजय सिंह और उसके नौकर विवेक शुक्ला को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि शनिवार रात को विनीत कुमार रावत नामक एक दलित डिलीवरी मैन खाने का ऑर्डर लेकर आशियाना इलाके में गया था। वहां खाना ऑर्डर करने वाले अजय सिंह ने दलित होने के नाते उससे खाना लेने से मना कर दिया और कथित रूप से उसके मुंह पर थूकने के साथ-साथ उससे मारपीट भी की थी।
इस मामले में अजय सिंह तथा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
भाषा सलीम अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
