scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशविधान परिषद चुनाव के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल साफ हो गया है : केंद्रीय मंत्री दानवे

विधान परिषद चुनाव के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल साफ हो गया है : केंद्रीय मंत्री दानवे

Text Size:

औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 21 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने मंगलवार को कहा कि विधान परिषद चुनाव के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल साफ हो गया है और लोग महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार से तंग आ चुके हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने दावा किया कि एमवीए में किसी का किसी पर भी कोई नियंत्रण नहीं है और लोगों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से लापरवाही बरती जा रही है।

एमवीए में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा) और कांग्रेस शामिल हैं।

दानवे ने एक मराठी समाचार चैनल से कहा, ‘‘ विधान परिषद के चुनाव से यह स्पष्ट हो गया है कि एमवीए के वोट विभाजित थे और निर्दलीय सदस्यों ने हमारा (भाजपा) समर्थन किया। भाजपा के पांच उम्मीदवार जीते, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार को अन्य दो दलों (शिवसेना और राकांपा) ने हराया।’’

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि एमवीए सरकार में तनातनी चल रही है।

दानवे ने कहा, ‘‘ किसी का किसी पर भी कोई नियंत्रण नहीं है। लोगों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से लापरवाही बरती जा रही है। विधान परिषद चुनाव के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल साफ हो गया है। लोग सरकार से तंग आ चुके हैं। हम घटनाक्रम पर नजर रखेंगे।’’

महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा) को दो-दो सीटें मिलीं जबकि कांग्रेस को एक ही सीट से संतोष करना पड़ा।

भाषा निहारिका अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments