जबलपुर (मप्र), 20 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर में व्हाट्सएप में ‘प्रोटेस्ट फॉर अग्निपथ’ ग्रुप बनाकर युवाओं को एकत्र कर जबलपुर रेलवे स्टेशन पर रेल रोकने एवं स्टेशन में तोड़फोड़ करने की योजना बनाने वाले चार युवकों को यहां गिरफ्तार किया गया है।
रांझी पुलिस थाना प्रभारी सहदेव साहू ने सोमवार को बताया कि सेना की अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में व्हाट्सएप पर ‘प्रोटेस्ट फॉर अग्निपथ’ ग्रुप बना कर युवाओं से जबलपुर रेलवे स्टेशन में एकत्र होने की अपील करने, वहां पर रेल रोकने एवं स्टेशन में तोड़फोड़ करने की योजना बनाने के आरोप में देवांश मौर्य (19), प्रियांश नामदेव (19), युवराज चक्रवर्ती (20) और ऋतिक बंशकार (21) को रविवार की रात जबलपुर शहर के रांझी इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि थाना रांझी में मुखबिर से सूचना मिली थी कि रांझी क्षेत्र के कुछ लड़के यहां रामलीला मैदान में जमा होकर भारत सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध करने के लिये सोशल मीडिया में व्हाट्सएप के माध्यम से लड़कों को एकत्रित कर रहे हैं, और निवेदन कर रहे हैं कि इस योजना का विरोध करने सभी युवा 19 जून को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एकत्र हों।
साहू ने बताया कि इस व्हाट्सएप ग्रुप को रांझी क्षेत्र के देवांश मौर्य बनाया है और इस पर भ्रामक संदेश भी डाले गये हैं।
उन्होंने कहा कि देवांश मौर्य ने अपने ग्रुप में प्रियांशु नामदेव, युवराज चक्रवर्ती एव ऋतिक बंशकार को ग्रुप एडमिन बनाया है।
साहू ने कहा कि ग्रुप एडमिन द्वारा जिला दण्डाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करना पाये जाने से इन चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में इन चारों आरोपियों ने स्वीकार किया कि ‘प्रोटेस्ट फॉर अग्निपथ’ ग्रुप व्हाट्सएप में बनाकर युवाओं को इकठ्ठा कर 19 जून को जबलपुर रेलवे स्टेशन जाकर रेल रोकने एवं स्टेशन में तोड़फोड़ करने की उनकी योजना थी।
उन्होंने कहा कि इन चारों आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 188 एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा सं रावत रावत रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
