शिमला, 20 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू टिम्बर ट्रेल में एक केबल कार ट्रॉली में तकनीकी खराबी आने के कारण आठ पर्यटक बीच हवा में फंसे हैं, जिन्हें बचाने के लिए बचाव कार्य जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
परवाणू के पुलिस उपाधीक्षक प्रणव चौहान ने बताया कि फंसे हुए आठ पर्यटकों में से चार को कुछ घंटों के भीतर सुरक्षित बचा लिया गया।
उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद पुलिस उपाधीक्षक ने ”पीटीआई-भाषा” को बताया कि तीन महिलाओं और एक पुरुष को बचा लिया गया है, जबकि अन्य लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं।
इससे पहले, राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश मोख्ता ने कहा कि केबल कार में कुछ तकनीकी खराबी के कारण आठ पर्यटक बीच रास्ते में हवा में फंस गए थे।
सोलन के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र शर्मा के मुताबिक, पर्यटकों को बचाने के लिए एक और केबल कार ट्रॉली को रवाना किया गया है।
उन्होंने बताया कि केबर कार में आई खराबी को दूर करने के लिए टिम्बर ट्रेल ऑपरेटर के तकनीकी दल को तैनात किया गया है और पुलिस का एक दल स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
भाषा फाल्गुनी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
