scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशमध्यप्रदेश में दो सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत, 36 घायल

मध्यप्रदेश में दो सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत, 36 घायल

Text Size:

शहडोल/बैतूल (मप्र), 18 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल और बैतूल जिलों में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन किशोरों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि बैतूल जिले में तीन लोगों की मौत हुई।

ब्यौहारी पुलिस थाने के प्रभारी सुधीर सोनी ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांव ढोलर से आदिवासी समाज की एक बारात बाणसागर थाना क्षेत्र के डोल गांव जा रही थी। सभी बाराती इस पिकअप वाहन में सवार होकर जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि बारात ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी गांव में एक ढाबा के पास पहुंची ही थी कि शुक्रवार रात लगभग 9.30 बजे तेज गति होने के कारण मोड़ पर पिकअप वाहन के चालक ने उस पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते वाहन पलट गया।

सोनी के मुताबिक हादसे की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस बल और डायल 100 के वाहन मौके पर पहुंच गए और मृतक के शव को निकाला तथा सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

उन्होंने बताया कि कि मृतकों में ढोलक निवासी बलवंत गोंड़, राम बहोर गोंड़, मालिक गोंड़ और बुधमन गोंड़ हैं, जिनकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। एक मृतक दीपक गोंड़ की उम्र 15 वर्ष है।

सोनी के अनुसार, वाहन में सवार 36 बाराती घायल भी हुए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 26 घायलों का उपचार ब्यौहारी अस्पताल में चल रहा है।

उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त वाहन में लगभग 42 बाराती सवार थे, लेकिन दूल्हा और चालक दोनों बच गए हैं।

सोनी ने कहा कि वाहन चालक के खिलाफ भारीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चिचोली पुलिस थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि बैतूल जिले में शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-59 (ए) पर आलमपुर के पास एक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दो किशोरों सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल सवार अंधेरे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देख सके। सोना ने बताया कि मृतकों में एक 21 वर्षीय व्यक्ति और दो 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं।

भाषा सं रावत रावत संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments