मुंबई, 18 जून (भाषा) एफएमसीजी फर्म अडाणी विल्मर ने जिंस पर आयात शुल्क कम करने के सरकार के फैसले के बाद शनिवार को अपने खाद्य तेलों की कीमतों में प्रति लीटर 10 रुपये की कमी की।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि अडाणी विल्मर ने फॉर्च्यून रिफाइंड सनफ्लावर तेल के एक लीटर पैक का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 220 रुपये से घटाकर 210 रुपये कर दिया है।
इसी तरह फॉर्च्यून सोयाबीन और फॉर्च्यून कच्ची घानी (सरसों का तेल) के एक लीटर पैक की एमआरपी 205 रुपये से घटाकर 195 रुपये कर दी गई है।
नयी कीमतों वाले पैकेट जल्द ही बाजार में पहुंचेंगे।
कंपनी ने कहा कि तेल की कीमतों में यह कमी केंद्र सरकार द्वारा खाद्य तेलों पर आयात शुल्क कम करने के चलते हुई है।
अडाणी विल्मर के प्रबंध निदेशक और सीईओ अंगशु मलिक ने कहा, ‘‘हम अपने ग्राहकों को कम लागत का फायदा दे रहे हैं… हमें विश्वास है कि कम कीमतों से मांग को भी बढ़ावा मिलेगा।’’
भाषा पाण्डेय मानसी
मानसी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.