मुंबई, 16 जून (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बृहस्पतिवार को मास्टरकार्ड पर लगी रोक हटा ली है। स्थानीय स्तर पर आंकड़े रखने के नियम का अनुपालन नहीं करने को लेकर कंपनी पर अंकुश लगाए गए थे।
केंद्रीय बैंक ने अमेरिकी कंपनी मास्टरकार्ड पर भुगतान प्रणाली से जुड़े आंकड़ों के रखरखाव से संबंधित नियमों का पूरी तरह से अनुपालन होने तक नये ग्राहक बनाने से प्रतिबंधित कर दिया था।
आरबीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘मास्टरकार्ड एशिया/पैसेफिक पीटीई लि. के भुगतान प्रणाली से जुड़े आंकड़ों के रखरखाव से संबंधित नियमों के अनुपालन के संतोषजनक पाये जाने के बाद नये घरेलू ग्राहक जोड़ने पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से हटा लिया गया है।’’
रिजर्व बैंक ने मास्टरकार्ड एशिया पैसेफिक को 22 जुलाई, 2021 से नये घरेलू ग्राहक (डेबिट, क्रेडिट या प्रीपेड) अपने कार्ड नेटवर्क पर जोड़ने से प्रतिबंधित कर दिया था।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.