scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशपैगंबर विवाद : भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष ने कोलकाता में धरना दिया

पैगंबर विवाद : भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष ने कोलकाता में धरना दिया

Text Size:

कोलकाता, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हावड़ा जिले में हिंसा रोकने में राज्य सरकार की कथित नाकामी के विरोध में रविवार को यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया।

मध्य कोलकाता में मेयो रोड-डफरिन रोड चौराहे पर स्थित गांधी प्रतिमा कई विरोध-प्रदर्शनों की गवाह रही है।

दोपहर में धरने पर बैठने वाले मजूमदार ने विपक्षी नेताओं को हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने से रोकने के कथित प्रयासों को लेकर तृणमूल कांग्रेस नीत राज्य सरकार पर निशाना भी साधा।

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा के पूर्व प्रवक्ताओं नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल की कथित विवादित टिप्पणियों को लेकर हावड़ा में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में हावड़ा जिले के पंचला, उलुबेरिया और धूलागढ़ तथा मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में हिंसा को फैलने से रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई नहीं की।

मजूमदार और उनके समर्थकों को शनिवार को हावड़ा जाने की कोशिश करने के दौरान हिरासत में ले लिया गया था, जहां भाजपा के कई दफ्तरों पर हमला हुआ था। दरअसल, शुक्रवार की हिंसा के मद्देनजर जिले में निषेधाज्ञा लागू की गई थी और वहां पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध था।

हालांकि, बाद में मजूमदार और उनके समर्थकों को रिहा कर दिया गया था।

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने संवाददाताओं से कहा, “भाजपा को इस मुद्दे पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल की टिप्पणियों ने आक्रोश पैदा किया, एक विशेष समुदाय के लोगों की भावनाओं को आहत किया और विदेश में देश की छवि खराब की।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments