scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशरास चुनाव: महाराष्ट्र में नियमों के उल्लंघन पर विवाद को लेकर आठ घंटे की देरी के बाद मतगणना शुरू

रास चुनाव: महाराष्ट्र में नियमों के उल्लंघन पर विवाद को लेकर आठ घंटे की देरी के बाद मतगणना शुरू

Text Size:

मुंबई, 11 जून (भाषा) महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनावों की मतगणना निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने के बाद देर रात एक बजे के बाद शुरू हो पाई।

मतगणना शुक्रवार शाम पांच बजे शुरू होनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, क्योंकि भाजपा ने आयोग का रुख कर सत्तारूढ़ महाविकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के तीन विधायकों पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया।

राकांपा के प्रदेश प्रमुख और चुनाव प्रभारी जयंत पाटिल ने कहा कि मतगणना आठ घंटे के इंतजार के बाद शुरू हुई।

राज्य में मंत्री पाटिल ने कहा कि आयोग ने आपत्ति जताए जाने के बाद मतों की वैधता पर फैसला करने के लिए आठ घंटे का वक्त लिया। उन्होंने यह भी बताया कि नेताओं की आयोग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत हुई।

इससे पहले आयोग ने महाराष्ट्र के रिटर्निंग अधिकारी को शिवसेना विधायक सुहास कांडे के वोट को खारिज करने का भी निर्देश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि आयोग के शीर्ष अधिकारियों ने वीडियो फुटेज सहित महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनावों के लिए रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत विस्तृत रिपोर्ट को देखा और फिर मतगणना शुरू करने की अनुमति दे दी।

महाराष्ट्र में मतगणना रोक दी गई थी, क्योंकि विपक्षी भाजपा ने सत्तारूढ़ महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के तीन विधायकों – कैबिनेट मंत्री जितेंद्र आव्हाड (राकांपा) और यशोमती ठाकुर (कांग्रेस) और शिवसेना के विधायक सुहास कांडे पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।

भाजपा ने आरोप लगाया कि आव्हाड और ठाकुर ने अपने-अपने मतपत्र अपनी पार्टी के एजेंट को सौंप दिए, जबकि कांडे ने दो अलग-अलग एजेंट को अपना मतपत्र दिखाया।

भाषा नोमान सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments