नोएडा (उप्र), तीन जून (भाषा) नोएडा के दादरी थानाक्षेत्र में प्रेमिका द्वारा अपने प्रेमी को फोन करके घर बुलाने तथा अपने भाइयों के संग मिलकर उसे जहर देकर उसकी हत्या करने के मामले में फरार चल रही युवती को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि दादरी क्षेत्र के आनंदपुर गांव का गौरव का चीती गांव की रिंकी से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने बताया कि युवती ने कथित तौर पर फोन करके गौरव को चींती गांव के पास बुलाया, फिर दोनों में झगड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार तब युवती ने अपने भाई कुणाल, साहिल आदि को मौके पर बुला लिया।
पांडे ने बताया कि युवती के भाइयों ने गौरव की पहले तो कथित तौर पर पिटाई की और उसके बाद जबरदस्ती सल्फास की गोलियां खिला दी। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में गौरव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में फरार चल रही प्रेमिका रिंकी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में आरोपी युवती के भाइयों की पुलिस तलाश कर रही है।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.