मुंबई, 26 मई (भाषा) मासिक डेरिवेटिव अनुबंधों के निपटान के दिन निवेशकों की बैंक और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 503.27 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,252.53 अंक पर पहुंच गया। दिन में कारोबार के दौरान यह एक समय 596.96 अंक चढ़कर 54,346.22 तक पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 144.35 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,170.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर हाल में गिरने बाद सबसे अधिक 5.27 प्रतिशत चढ़ गया। साथ ही भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, नेस्ले, विप्रो, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी लाभ रहा।
वहीं, दूसरी तरफ सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो और डॉ. रेड्डीज के शेयर नुकसान में रहे।
कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘मुद्रास्फीतिक चिंताओं, विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी और रूस-यूक्रेन संकट के कारण बाजारों में आगे भी बिकवाली जारी रह सकती है। हालांकि, उतार-चढ़ाव के बीच बाजार में बीच-बीच में मजबूती आ सकती है।’’
इसके अलावा बीएसई का मिडकैप 1.44 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.78 प्रतिशत चढ़ गया।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट लाभ के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान के निक्की में गिरावट आई।
यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे तथा अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त लेकर बंद हुए थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.54 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 114.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशक घरेलू बाजारों से लगातार निकासी कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को 1,803.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा जतिन अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
