(कॉपी में सुधार के साथ)
अगरतला, 18 मई (भाषा) त्रिपुरा सरकार बांग्लादेश के चटगांव के जरिये आवश्यक वस्तुओं का परिवहन कर सकती है क्योंकि अचानक बाढ़ और भूस्खलन से असम से राज्य के लिए रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
त्रिपुरा के परिवहन विभाग के प्रधान सचिव एल एच डारलोंग ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम में लुमडिंग-बदरपुर खंड के माध्यम से ट्रेन सेवा बहाल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है, जो लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि असम-अगरतला राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय तक रोक के बाद बुधवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भले ही असम-अगरतला राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, ट्रेन सेवा में लंबे समय तक व्यवधान का त्रिपुरा को आवश्यक वस्तुओं की सामान्य आपूर्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसलिए हम आवश्यक वस्तुओं का परिवहन आपातकालीन आधार पर एक वैकल्पिक रास्ते-हल्दिया-चटगांव-अखौरा-अगरतला ट्रांशिपमेंट मार्ग का उपयोग करके करने की योजना बना रहे हैं।’’
जुलाई 2020 में चालू किया गया हल्दिया-चटगांव-अखौरा-अगरतला तटीय मार्ग 600 किलोमीटर लंबा है।
डारलोंग ने कहा कि अभी त्रिपुरा में दालों और सब्जियों के अलावा 43 दिनों के लिए चावल, 38 दिनों के लिए गेहूं, 28 दिनों के लिए चीनी का भंडार है। उन्होंने कहा कि हालांकि पेट्रोल का भंडार आठ दिन और डीजल का भंडार पांच दिन ही बचेगा, जो चिंता का विषय है।
राज्य पहले ही भारतीय खाद्य निगम और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड से सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध कर चुका है।
भाषा अमित नरेश
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.