scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमविदेशश्रीलंका के पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे सुरक्षा घेरे में त्रिंकोमाली स्थित नौसेना अड्डे पर

श्रीलंका के पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे सुरक्षा घेरे में त्रिंकोमाली स्थित नौसेना अड्डे पर

Text Size:

कोलंबो, 11 मई (भाषा) श्रीलंका के पूर्व प्रधानमंत्री और कद्दावर नेता महिंदा राजपक्षे को त्रिंकोमाली स्थित नौसेना अड्डे पर ले जाया गया जहां वह सुरक्षा घेरे में हैं। रक्षा मंत्रालय के सचिव कमल गुणरत्ने ने बुधवार को यह जानकारी दी।

श्रीलंका अब तक के सबसे खराब आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इससे निपटने में सरकार की विफलता को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच 76 वर्षीय महिंदा को सुरक्षा मुहैया करायी जा रही है। वह पूर्व राष्ट्रपति हैं।

गुणरत्ने ने एक डिजिटल ब्रीफिंग में संवाददाताओं को बताया कि महिंदा राजपक्षे को सुरक्षित तरीके से निकाल कर त्रिंकोमाली नौसैनिक अड्डे पर ले जाया गया है।

महिंदा राजपक्षे ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उससे पहले उनके समर्थकों ने सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों पर हमले किए थे और अधिकारियों ने पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया था। इसके साथ ही राजधानी में सेना के जवानों को तैनात कर दिया गया था।

इस हमले के बाद देश भर में राजपक्षे समर्थक नेताओं के खिलाफ व्यापक हिंसा शुरू हो गई। झड़पों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं सत्ताधारी पार्टी के कई नेताओं की संपत्तियों को भी आग लगा दी गई।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments