प्रयागराज, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के गंगापार थरवाई थाना क्षेत्र के खेवराजपुर गांव में शुक्रवार रात एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि थरवाई थाने की पुलिस को शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि एक घर में चार-पांच लोग मृत अवस्था में मिले हैं।
इस सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर घर के मुखिया राजकुमार, उनकी पत्नी, उनकी बहू, उनकी बेटी और उनकी एक नातिन- कुल पांच लोग मृत पाए गए और राजकुमार की एक नातिन जिसकी उम्र पांच साल है, वह जीवित है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को मौके पर पहुंच कर निष्पक्षता के साथ जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
थरवाई की इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘आज का अपराधनामा- प्रयागराज में फिर सामूहिक हत्या, एक परिवार के पांच लोगों का गला रेता, शवों को जलाने के लिए घर में लगा दी आग।’’
थरवाई थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में राजकुमार यादव (55), राजकुमार की बेटी मनीषा (25), राजकुमार की पत्नी कुसुम (50), राजकुमार की बहू सविता (30) और राजकुमार की नातिन मीताक्षी (दो वर्ष) शामिल हैं। वहीं, राजकुमार की दूसरी नातिन पांच वर्षीय साक्षी सुरक्षित है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि घर के बेडरूम में आग भी लगी हुई थी जिसे दमकल द्वारा बुझा दिया गया।
थरवई थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजकुमार का पुत्र सुनील किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर था, इसलिए वह बच गया।
इस बीच, परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में शनिवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में चोट लगना बताया गया है।
प्रयागराज पुलिस की विज्ञप्ति के मुताबिक, इस रिपोर्ट में दुराचार के संबंध में अभी तक कोई पुष्टिकारक साक्ष्य नहीं मिला है। हालांकि, महिला मृतकों के ‘वेजाइनल स्लाइड एवं स्वैब’ एकत्र किए गए हैं और इन्हें एफएसएल भेजा जाएगा।
विज्ञप्ति के मुताबिक, अभियुक्तों की तलाश की दिशा में कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिसके आधार पर 12 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर सभी दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
वहीं, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने यहां एसआरएन अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
पीड़ित सुनील और अन्य परिजनों से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि इस घटना का जल्द पर्दाफाश होना चाहिए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार में जीवित बची बच्ची की पढ़ाई का खर्च सरकार को उठाना चाहिए।
शिवपाल ने कहा कि परिवार के सदस्य सुनील को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ”हम यहां से जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उन्हें ज्ञापन देकर मांग करेंगे कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगे। प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधारे जाने की जरूरत है। इस घटना का पर्दाफाश कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी सजा दिलायी जाए।”
भाषा राजेंद्र शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
