scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमविदेशशंघाई में कोविड-19 से सात और मरीजों की मौत

शंघाई में कोविड-19 से सात और मरीजों की मौत

Text Size:

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, 19 अप्रैल (भाषा) चीन के सबसे बड़े शहर एवं वैश्विक वित्तीय केंद्र शंघाई में कोविड-19 के कारण सात और लोगों की मौत हो गयी है। चीन में इस महामारी के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,648 पहुंच गयी है।

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 21,400 नये मामले सामने आए, जिसमें अधिकतर मामले शंघाई में दर्ज किए गए।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की ओर से मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक शंघाई में सोमवार को सात लोगों की संक्रमण से मौत हो गयी। इससे पहले रविवार को तीन मरीजों की मौत हुई थी।

चीन में बीते 24 घंटे के दौरान स्थानीय स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण के 3,297 नये मामले दर्ज किए गए, जिसमें से केवल शंघाई में ही 3,084 नये मामले सामने आए।

करीब 2.6 करोड़ की आबादी वाले शंघाई में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के कारण संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक चीन में बीते 24 घंटे के दौरान स्थानीय स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण के 18,187 ऐसे मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें बीमारी का कोई लक्षण मौजूद नहीं था। चीन में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 30,384 बनी हुई है।

भाषा रवि कांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments