scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमखेलभारत की महिला सॉफ्टबॉल टीम एशियाई खेलों में करेगी पदार्पण

भारत की महिला सॉफ्टबॉल टीम एशियाई खेलों में करेगी पदार्पण

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम वाइल्ड कार्ड मिलने के बाद हांगझोऊ में आयोजित होने वाले आगामी एशियाई खेलों में पदार्पण करेगी।

भारतीय हैंडबॉल संघ ने सोमवार को यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि सॉफ्टबॉल एशिया ने 23 फरवरी को अपनी कार्यकारी समिति की बैठक के दौरान भारतीय टीम की वाइल्डकार्ड प्रविष्टि को मंजूरी दी थी।

भारतीय सॉफ्टबॉल संघ की अध्यक्ष नीतल नारंग ने कहा, ‘‘ वाइल्ड कार्ड के जरिये एशियाई खेलों में महिला टीम का प्रवेश वास्तव में भारत में सॉफ्टबॉल के लिए एक मील का पत्थर है। हांगझोऊ खेलों से हमें महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें तैयार करने का एक अवसर मिलेगा क्योंकि सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में महिलाओं की श्रेणी शामिल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में प्रदर्शन करना हमारा पहला कदम है। इससे हमारी जिम्मेदारी और बढ़ेगी क्योंकि हम 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक से पहले एक मजबूत टीम बनने की इच्छा रखते हैं।’’

उन्होंने खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) से और अधिक सहयोग मिलने की उम्मीद जतायी।

सॉफ्टबॉल तोक्यो ओलंपिक का हिस्सा था और 2028 के लॉस एंजिल्स खेलों में भी शामिल होगा।

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments