नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) शाहदरा के गीता कालोनी इलाके में शनिवार को 40 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि घटना अपराह्न करीब 3.40 बजे की है। आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को संदेह है कि व्यक्ति ने आर्थिक परेशानियों से तंग आकर ऐसा कदम उठाया है।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आर. सत्यसुन्दरम ने बताया कि पुलिस जब सचिन के घर पहुंची तो उसने मकान की दूसरी मंजिल पर कंचन अरोड़ा (35) और उनके 15 साल के बेटे का शव देखा।
अधिकारी ने बताया कि महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था जबकि बेटे का शव फर्श पर था।
उन्होंने बताया कि परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप पर सचिन ने पत्नी और बेटे की हत्या करनी स्वीकार की है। सचिन किराने की दुकान चलाता है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सचिन ने अपराध को अंजाम देने की बात कबूल कर ली और कहा कि उसने वित्तीय समस्याओं के कारण अपनी पत्नी के साथ आए दिन के झगड़े के बाद उसकी तथा अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी।
भाषा गोला संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
